कड़ा (कौशाम्बी)। लखनऊ में कढ़ाई का काम करने वाले सैनी के लेहदरी गांव के एक युवक की हत्या करके लाश गंगा में फेंक दी गई है। शनिवार को शव सैनी कोतवाली के जहांगीराबाद घाट पर ग्रामीणों को मिला। युवक दिवाली को लखनऊ से घर आते समय रास्ते से लापता हो गया था। कोतवाली पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सैनी कोतवाली के रूकनपुर (लेहदरी) गांव का रहने वाला मंजू (25) पुत्र मुन्नूलाल लखनऊ में कढ़ाई का काम करता था। घरवालों के मुताबिक वह दीपावली को घर आ रहा था। लेहदरी गांव के सामने मानिकपुर (प्रतापगढ़) में बस से उतरने के बाद उसने फोन भी किया था। इसके बाद उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। देर रात तक घर नहीं आने पर घबराए परिजन उसी दिन से खोजबीन में जुटे रहे। शनिवार सुबह जहांगीराबाद घाट पर उसकी लाश उतराई मिली। जहांगीराबाद में रहने वाले उसके एक रिश्तेदार ने शव देखा। घरवालों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने कपडे़ आदि के आधार पर शव की शिनाख्त की है। माना जा रहा है कि मानिकपुर उतरने के बाद लेहदरी घाट से नाव से अपने गांव के लिए निकला होगा। रास्ते में उसे लूटने के बाद बदमाशों ने मारकर लाश नदी में फेंक दी। एसओ सैनी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की सच्चाई का पता चलेगा। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या गंगापार यानी मानिकपुर इलाके में हुई है।