भरवारी (कौशाम्बी)। नई बाजार में शुक्रवार रात रामदल निकला। इसमें तमाम झांकियां भी शामिल थीं। इनकों देखने के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े। नई बाजार में शुक्रवार को दशहरा मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र को रंग-बिरंगे बिजली के झालरों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। जगह-जगह धार्मिक गीत भी बज रहे थे। मेला की शुरूआत हनुमान मंदिर से जयकारों के बीच रामदल के निकलने से हुई। श्रीराम की सवारी पूरे क्षेत्र में घूमने के बाद रामलीला मैदान पहुंची। जहां राम-रावण युद्ध और रावण वध देखने को बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। मेले में रामदल के अलावा करीब छह रोशनी और बारह विभिन्न धार्मिक प्रसंगों की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। राधा-कृष्ण की लीला, शिव तांडव, मां काली आदि झांकियों को लोग निहारते रहे। मेले में महिलाएं मीना बाजार से जरूरत का सामान खरीदने में मशगूल रहीं। बच्चे खिलौने खरीदने के अलावा झूला, सर्कस आदि का मजा लेते रहे। श्रीराम की सवारी के साथ कमेटी के अध्यक्ष राजेश केसरवानी, राम प्रकाश मिश्र, कैलाश चंद्र केसरवानी, रमेश अग्रहरि, गंगा प्रसाद केसरवानी उर्फ काले, घनश्याम रस्तोगी, मोहित रस्तोगी, मनोहरलाल, राम सजीवन मधुकर, राम नारायण गुप्ता आदि मौजूद रहे।