मंझनपुर। खुदरा बाजार में विदेशी निवेश और महंगाई के खिलाफ बुधवार को भाजपाई जमकर गरजे। केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर मंझनपुर के डायट मैदान में धरना-प्रदर्शन करते हुए भाजपा नेताओं ने केंद्र की कांग्रेस नीत यूपीए सरकार पर निशाना साधा। कहा, एफडीआई और महंगाई आम आदमी की जान ले लेगी। नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि कांग्रेस की असलियत को जन-जन तक पहुंचाएं।
खुदरा व्यापार क्षेत्र में विदेशी पूंजी निवेश, महंगाई, भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाकर भाजपा कांग्रेस को संसद से लेकर सड़क तक घेरने में जुटी है। इसी क्रम में बुधवार को भाजपा जिला कार्यकारिणी ने मंझनपुर के डायट मैदान में धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र चौधरी की अगुवाई में जुटे भाजपाइयों ने इस दौरान कांग्रेस के मंत्री और सांसदों पर जमकर निशाना साधा। पूर्व जिलाध्यक्ष उदयन सिंह ने कहाकि पेट्रोलियम पदार्थ, रसोई गैस से लेकर आम आदमी की रोजमर्रा की सभी वस्तुओं की कीमत आसमान छू रही हैं। इससे लोगों को अपनी रोटी का इंतजाम मुश्किल हो गया है। भाजपाइयों ने महंगाई के लिए कांग्रेस की नीतियों को कसूरवार ठहराते हुए आरोप लगाया कि केंद्र की सरकार पूंजीपतियों के हाथ खिलौना बनी हुई है। अन्य नेताओं ने भी महंगाई, एफडीआई आदि मुद्दे पर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया। कहाकि खुदरा क्षेत्र को विदेशी कारोबारियों का पैसा लग जाने से देख के छोटे दुकानदारों की रोटी छिन जाएगी और वे सड़क पर आ जाएंगे, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। धरना-प्रदर्शन में जुटे कार्यकर्ताओं से एफडीआई की सच्चाई और कांग्रेस की असलियत घर-घर पहुंचाने का आह्वान भी किया गया। इस मौके पर अजय त्रिपाठी, गुलाब चंद्र कुशवाहा, राम भजन त्रिपाठी, सोमेश्वर त्रिपाठी, सुनील जायसवाल, अशोक चौधरी, आद्या प्रसाद पांडेय, बाबूलाल, रामसुंदर विश्वकर्मा, लाखनसिंह राजपासी आदि मौजूद रहे।