मंझनपुर। फसल की सिंचाई के लिए बनाई गई नाली तोड़ने के विवाद में रविवार को दबंगों ने एक महिला को पीटकर लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार पर आए ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। घरवाले जख्मी को जिला अस्पताल में भरती कराया। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मंझनपुर कोतवाली के खनवारी गांव निवासी छोटेलाल ने फसल की सिंचाई के लिए नलकूप से खेत तक नाली बना रखी थी। इसी नाली से पड़ोस के लोग भी सिंचाई कर रहे थे। बताया जाता है कि रविवार सुबह छोटेलाल की पत्नी खेत में बनी नाली तोड़ रही थी। इसका पड़ोसियों ने विरोध किया, तो दोनों में कहासुनी हो गई। तकरार के बीच दबंगोें ने महिला की लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इससे महिला को काफी चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे । गांववालों ने बीच बचाव करके महिला की जान बचाई। मारपीट की सूचना पर घरवाले मौके पर पहुंचे और घायल महिला को जिला अस्पताल में भरती करा दिया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मारपीट की घटना से दोनों पक्षों में तनातनी बनी हुई है।