मंझनपुर। शिवसेना सुप्रीमो बाला साहेब के निधन पर शिवसैनिक दुख में डूब गए। शिवसेना के साथ अन्य हिंदूू संगठनों और भाजपा नेताओं ने भी बाल ठाकरे के निधन पर गहरा दुख जताया है। सिराथू, पश्चिमशरीरा आदि स्थानों पर शोकसभा का आयोजन किया गया।
पूरबशरीरा गांव में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उदयन सिंह के आवास में शनिवार शाम शोकसभा में लोगों ने कहाकि बाला साहेब का दुनिया से विदा होना बहुत ही दुखदायी है। इसकी भरपाई संभव नहीं होगी। उदयन सिंह ने कहाकि उन्होंने राजनीति को एक नई दिशा दी। अधिकार और स्वाभिमान के लिए लड़ने की अलख जगाई थी। देश के लोगों उनके कार्यों से प्रेरणा लेते रहेंगे। इस मौके पर योगेश कुमार, गर्जन सिंह, अवधेश सिंह, दिनेश कुमार पांडेय, अरूण कुमार केसरवानी आदि मौजूद रहे। वहीं सिराथू में भी बाला साहेब के निधन पर सभा में लोगों ने दुख जताया। इस मौके पर भाजपा नेता आद्या प्रसाद पांडेय ने कहाकि बाला साहेब ने देश की राजनीति को नई दिशा दी। वह हमेशा जरूरतमंदों को हक के लिए लड़ने को प्रेरित करते रहे हैं। यही कारण है कि उनके आवास मातोश्री में राजनेता से लेकर अभिनेता, उद्योगपति आदि पहुंचे। इनके अलावा हर-छोटे बड़े तबके के लोग भी ठाकरे के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करते रहे।