सिराथू (कौशाम्बी)। लक्ष्मी पूजा के लिए भी लक्ष्मी उगलने वाली मशीन यानी एटीएम लोगों को धोखा देती रही। एटीएम से पैसा नहीं निकलने से इसके भरोसे खरीदारी करने बाजार आए लोगों को मायूस होकर घर लौटना पड़ा। इससे लोगों में आक्रोश है।
सिराथू में एसबीआई, बैंक आफ बड़ौदा और आईसीआईसीआई बैंक शाखाओं ने एटीएम लगा रखी है। सैनी और सिराथू मार्ग पर लगे एटीएम दीपावली के दिन शोपीस बने रहे। ग्राहकों की शिकायत है कि ये इन मशीनों में आए दिन पैसा नहीं रहता है, तो कभी मशीन ही खराब रहती है। नियमित रूप से मशीन में पैसा नहीं डालने से भी ग्राहकों को जरूरत के समय पैसे के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। इसी तरह नवीन मंडी अजुहा गेट पर लगा एसबीआई का एटीएम तो दो साल से भी अधिक समय से बंद पड़ा है। हालांकि एसबीआई सिराथू के शाखा प्रबंध जेके गुहा का दावा है कि उनके बैंक से अधिक कोई अन्य शाखा एटीएम की बेहतर सुविधा नहीं दे रही है। उनके दावे की सारी हकीकत दीपावली के दौरान देखने को मिली। मंगलवार को सिराथू में लगे एटीएम में जहां पैसे नहीं थे। वहीं आईसीआईसीआई का एटीएम खराब रहा। आईसीआईसीआई सिराथू के शाखा प्रबंधक अजय उपाध्याय का कहना है कि एटीएम में आई खराबी से ग्राहकोें को असुविधा हो रही है। इसके लिए लिखा-पढ़ी की जा चुकी है। क्षेत्रीय विधायक केशव प्रसाद मौर्या ने कहा है कि वे इस समस्या के निदान के लिए वित्त मंत्रालय को पत्र लिखकर कुछ और एटीएम लगवाने की मांग करेंगे। सिराथू की तरह ही दीपावली के मौके पर मंझनपुर, भरवारी, करारी आदि में भी एटीएम लोगों को रूलाते रहे हैं।