कड़ा/हर्रायपुर/चायल (कौशाम्बी)। जिले में एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैैं। बृहस्पतिवार रात चोर सैनी और कोखराज इलाके के दो गांवों में धावा बोला। यहा नौ घरों से करीब 62 हजार रुपये के साथ लाखों रुपये के गहने, बर्तन, कपड़े आदि लेकर फरार हो गए। एक ही रात नौ घरों में हुई चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वारदात के अगले दिन भुक्तभोगियों की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंची और फर्ज अदायगी कर वापस चली गई। लोगों का कहना है कि गश्त नहीं होने से ही आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। वहीं रसूलाबाद गांव में बृहस्पतिवार रात एक घर से नगदी समेत हजारों रुपये के गहने आदि चुरा ले गए।
जिले में चोरी-लूट की वारदातें थम नहीं रही हैं। बृहस्पतिवार रात ही सैनी कोतवाली के लेहदरी (भटपुरवा) गांव में चोर ऊदल सिंह, अशोक कुमार, सीताराम, राम सुमेर के घर को निशाना बनाया। इस दौरान ऊदल सिंह के घर से करीब 25 हजार रुपये, गहने, अशोक कुमार के घर से लगभग पांच हजार नगद, पीतल के पुराने बर्तन, कपड़े, दिल्ली में रहने वाले सीताराम के घर से तीन सोने की चेन, तीन जोड़ी छागल, तकरीबन आधा किलो ग्राम चांदी की कमरबंद, कपड़ा, साड़ी, बर्तन, राम सुमेर के घर से दो हजार रुपये के साथ गहने, कपड़े आदि ले गए हैं। सुबह इन घरों से चोरी गई संदूक ग्रामीणों को खेत में मिली। इसी तरह से कोखराज थाने के पट्टी नरवर गांव निवासी गुड्डू शर्मा के घर से चोर 30 हजार नगद और दो किलोग्राम चांदी के गहने, देशराज पासी और धर्मवीर के घर से 15-15 हजार रुपये नगद, गहने, कपड़े चोरी हुए हैं। जबकि देहरी पर सो रहे औसन के सिरहाने से उसका मोबाइल ही चोर उठा ले गए। सुबह चोरी की जानकारी पर दोनों गांवों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और जांच-पड़ताल करके वापस लौट आई।
वहीं पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव में बृहस्पतिवार रात चोरों ने घर में सेंध काटकर नगदी समेत हजारों रुपये के गहने आदि सामान पार कर दिए। गांव निवासी राम प्रसाद बृहस्पतिवार रात परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहा था। रात में घर के पीछे की दीवार में नकब काटकर घुसे चोर दस हजार रुपये के साथ जेवरात, बर्तन कपड़ा आदि चुराकर भाग गए। घटना की जानकारी भुक्तभोगी को सुबह हुई। पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली ही।