99 युवक-युवतियों ने लिए सात फेरे
चायल में हुआ तहसील स्तरीय मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम
चायल। स्थानीय ब्लॉक परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें चायल, मूरतगंज, नेवादा और कौशाम्बी विकास खंड के करीब 99 युवक-युवतियों की शादी कराई गई। इस दौरान लोगों ने वर-वधू को आशीर्वाद देकर विदा किया।
चायल विकास खंड परिसर में बुधवार को आयोजित समारोह में चायल ब्लॉक के करीब 25, नेवादा के 24 मूरतगंज के तकरीबन 35 और कौशांबी विकास खंड के लगभग 14 जोड़ों की शादी कराई गई। कार्यक्रम में वधू पक्ष को शादी के लिए पांच जोड़ेे कपड़े, चांदी की पायल, बिछिया, कूकर, थाली, गिलास, कटोरी सहित मेकअप बाक्स, अंगौछा, मंगलसूत्र तथा वर पक्ष को भी कपड़ा दिया गया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक चायल संजय कुमार गुप्ता ने सभी को किसी भी समस्या में मदद का भरोसा दिलाते हुए आशीर्वाद व उपहार स्वरूप एक-एक साड़ी दी। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख सोनू कुमार, बीडीओ नेवादा देवकुमार, बीडीओ चायल हरिश्चन्द्र सिंह, एडीओ पंचायत नेवादा चंद्रभान सिंह, एडीओ पंचायत चायल दुर्गेश मिश्रा, एडीओ आइएसबी मूरतगंज बलराम चौधरी सहित समस्त ग्राम विकास अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
------
दो मुस्लिम जोड़ों ने पढ़ा निकाह
चायल। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में दो मुस्लिम जोड़ों ने भी शादी की। चायल ब्लाक के नींवा गांव के शाहिद हुसैन की पुत्री शहनाज ने प्रयागराज के लीडर रोड निवासी निशार अहमद के बेटे साजिद के साथ तथा मूरतगंज के महगांव निवासी अलीमउल्हा की बेटी दरक्सा ने करारी निवासी मो. सफीक के बेटे जाहिद के साथ निकाह पढ़ा। निकाह के बाद इन्हें भी उपहार दिया गया।