कोखराज। स्थानीय पुलिस ने शनिवार शाम कटने के लिए फिरोजाबाद से बिहार ले जाए जा रहे करीब 32 मवेशियों को बरामद कर लिया। मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। ट्रक चालक और खलासी मौका पाकर भाग निकले। इनकी तलाश की जा रही है।
कोखराज इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह को शनिवार शाम सूचना मिली कि कटने के लिए एक ट्रक में मवेशियों को लादकर फिरोजाबाद से बिहार ले जाया जा रहा है। इस पर उन्होंने सिहोरी टोल प्लॉजा के पास घेराबंदी कर दी। घेरकर ट्रक को रोक लिया गया। पुलिस को देखते ही ट्रक चालक व खलासी मौके से फरार हो गए। ट्रक में बैठे पशु तस्कर महबूब पुत्र मंजूर कुरैशी निवासी अमरपुर थाना गुढ़ाना जिला मुजफ्फर नगर को गिरफ्तार कर लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रक में करीब 20 जिंदा तथा एक मरा जानवर और 11 गोवेश थे। लिखापढ़ी के बाद मवेशियों को स्थानीय किसानों के हवाले कर दिया गया है। पकड़े गए पशु तस्कर से पुलिस उसके साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर, ट्रक मालिक, चालक व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।