सिराथू। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पिता श्यामलाल के निधन की खबर पर सोमवार को दूसरे दिन भी संवेदना जताने वालों का तांता लगा रहा। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित समेत कई कैबिनेट मंत्री व विधायक डिप्टी सीएम के घर जाकर परिवार के सदस्यों को को ढांढस बंधाया।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पैतृक आवास सिराथू में सोमवार सुबह विधानसभा अध्यक्ष ह्दय नरायण दीक्षित ने जाकर संवेदना प्रकट की। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वाती सिंह, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती, ग्राम विकास मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, बेसिक शिक्षामंत्री अनुपमा जायसवाल, खादी मंत्री सत्यदेव पचौरी, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बेटेे व नोएडा से विधायक पंकज सिंह, महंत नरेंद्र गिरि आदि भी संवेदना जताने पहुंचे थे। गौरतलब है कि डिप्टी सीएम के पिता श्यामलाल पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। उनका इलाज लखनऊ के राममनोहर लोहिया अस्पताल में हो रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। रविवार को शीतला धाम कड़ा के हनुमान घाट में शव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए थे।