मंझनपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर गांव निवासी एक युवक से पड़ोस के दबंगों ने जबरन भूमि का बैनामा कराना चाहा। असफल होने पर उसकी पिटाई की। आरोप है कि नकदी और मोबाइल भी लूट लिया। पीड़ित ने शुक्रवार को एसपी से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
शादीपुर निवासी रमेश मौर्य ने बताया कि दो दिन पहले पड़ोस के दबंग कॉलोनी दिलाने के नाम पर उसे तहसील ले गया। वहां भूमि का बैनामा कराने के लिए जबरन स्टांप पर दस्तखत करा रहा था। नहीं करने पर मार डालने की धमकी देते हुए भगा दिया। पीड़ित के मुताबिक गुरुवार शाम वह बाजार से घर जा रहा था। रास्ते में गांव के समीप ही दबंग ने साथियों संग मिलकर उसे रोक लिया। इसके बाद पिटाई की। मोबाइल और दो हजार रुपये भी लूट लिया। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने सैनी कोतवाल को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मामले में सैनी इंस्पेक्टर राकेश तिवारी का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। किसी ने शिकायत की तो कार्रवाई की जाएगी।