फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaushambi News: मजरों में उजाले का इंतजाम 9.15 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Tue, 30 Sep 2025 01:12 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कौशांबी
विज्ञापन
अटसराय गांव की विद्युत लाइन बनाते कर्मचारी। स्रोत- विद्युत विभाग
विज्ञापन
आज़ादी के बाद से बिजली से अछूते गांवों और मजरों में अब उजियारा छाएगा। गांव और कस्बे से अलग बसी आबादी भी अब बिजली से रोशन होगी। नए बिजली के केबल लगाने के साथ ही पोल और ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जाएंगे। उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए शासन ने सौभाग्य योजना के तीसरे चरण में जिले के 215 मजरों के लिए 9.15 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस कार्य को पूरा करने में एक साल का समय लगेगा।
विज्ञापन

सरकार ने वर्ष 2018-19 में गांवों और कस्बों को रोशन करने के लिए सौभाग्य योजना शुरू की थी। पहले और दूसरे चरण में 74 करोड़ रुपये से जिले के 295 गांवों में पुराने तार हटाकर 549 किलोमीटर केबल लगाया गया। साथ ही 16 और 25 केवीए क्षमता के 584 ट्रांसफॉर्मर लगाए गए। इसके अलावा चार नए उपकेंद्रों की स्थापना की गई।
गांव और कस्बे से अलग बसी नई आबादी को रोशन करने के लिए सौभाग्य योजना के तीसरे चरण में 215 मजरों में 9.15 करोड़ रुपये से नए पोल और ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। कार्यदायी संस्था ने कड़ा, सिराथू और अकांक्षी ब्लॉक के मजरों में कार्य शुरू कर दिया है।
विज्ञापन

अटसराय गांव के मनीष कुमार प्रदीप व अनुज का कहना है कि गांव में विद्युतीकरण होने की जानकारी मिली है। आसपास के गांव में बिजली थी। वहीं से मोबाइल व अन्य उपकरण चार्ज होते थे। कुछ लोगों के सबमर्सिबल गांव के नजदीक थे। उसके पास से भी उपकरण चार्ज होते थे। अब गांव में बिजली आएगी तो यह समस्या दूर होगी।
लोधन का पुरा गांव के ग्रामीण सुरेश कुमार व अंजुम का कहना है कि गांव में बिजली आने से जहां सुरक्षा बढ़ जाएगी, वहीं बच्चों की पढ़ाई पर इसका सार्थक प्रभाव पड़ेगा। उन्हाेंने बताया कि कुछ लोगों के घर सोलर पैनल लगे थे। उनको देखकर लगता था कब अपने घर रोशनी आएगी। अब उम्मीद है कि एक दो माह में गांव रोशन होगा।
छूटे मजरों में बिजली पहुंचाने के लिए वर्ष 2015-16 में गांवों में सर्वे कराया गया था। उसी आधार पर सौभाग्य योजना के दोनों चरणों में विद्युतीकरण कराया गया। सर्वे के बाद से कई गांव और कस्बों से कटकर नए मजरे बनाए गए थे, जहां बिजली नहीं पहुंच पाई थी। तीसरे चरण में उन मजरों के घरों तक बिजली पहुंचाने का कार्य कराया जा रहा है। इं. रामकुमार कुशवाहा, अधिशासी अभियंता विद्युत
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें