चरवा कोतवाली क्षेत्र के बरौलहा गांव में रहने वाले एक रिटायर्ड फौजी के खाते से शुक्रवार को एटीएम कार्ड बदलकर बदमाशों ने करीब 85 हजार रुपया पार कर दिया। ठगी की जानकारी पीड़ित को मोबाइल में मैसेज आने पर हुई। तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बरौलहा निवासी लालजी यादव रिटायर्ड फौजी हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर वह रुपये निकालने चायल स्थित एटीएम बूथ गए थे। किन्हीं कारणों से रुपये नहीं निकल पा रहे थे। तभी बूथ पर पहले से मौजूद एक युवक ने एटीएम कार्ड ले लिया। इसके बाद झांसा देकर मशीन खराब होने की बात कहते हुए कार्ड बदल लिया।
घर पहुंचने के बाद फौजी के मोबाइल पर कई किस्तों में 85 हजार रुपये निकलने का संदेश आया तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने आननफानन बैंक शाखा पहुंचकर एटीएम लॉक कराया। पुलिस को तहरीर दी। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।