मंझनपुर। कौशाम्बी ब्लाक के रसूलपुर सोनी गांव में बुधवार को सामाजिक संस्था दोआबा विकास एवं उत्थान समिति की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया। इसमें सीएमओ की अगुवाई में डॉक्टरों की टीम ने 85 कुपोषित समेत कुल 369 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही लोगों को कुपोषण से बचाव की जानकारी भी दी गई।
रसूलपुर सोनी गांव में आयोजित हुए स्वास्थ्य कैंप का उद्घाटन सीएमओ डॉ राजकुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने कुपोषण के कारणों की जानकारी लोगों को दी। बताया कि गर्मी के मौसम में बच्चों को उल्टी-दस्त की बीमारी फैलने की संभावना ज्यादा रहती है। इस दौरान कुपोषित बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए क्योंकि वे कमजोर रहते हैं। सीएमओ ने कहा कि सभी लोग साफ सफाई और खानपान पर ध्यान दें। कुपोषण मिटाने को लेकर स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह से गंभीर है। किसी भी कुपोषित के परिजन को यदि इलाज में असुविधा हो रही है तो वे सीधे उनसे शिकायत करें। इस दौरान दोआबा विकास एवं उत्थान समिति के सचिव परवेज रिजवी ने कहा कि आसानी से उपलब्ध होने वाली सब्जियों जैसे बथुआ, सरसों का साग, पालक सहजन आदि का प्रयोग करके भी लोग खुद के साथ परिवार के सभी सदस्यों को सेहतमंद रख सकते हैं। बताया कि कुपोषण का सबसे महत्वपूर्ण कारण नासमझी है।
उन्होंने लोगों से बच्चों के जन्म के अंतराल को बढ़ाने, समय से टीकाकरण कराने और साफ सफाई का ध्यान देने के साथ ही 18 साल के बाद ही शादी करने की सीख दी। कहाकि इन बातों पर अमल करके लोग कुपोषण से बच्चों को बचा सकते हैं। इस मौके पर डॉ. एसके ठुकराल, डॉ. सुरेश कुमार यादव, डॉ. निकहत जमाल, डॉ. मनोज कुमार त्रिपाठी, डॉ. विनोद कुमार पटेल आदि डॉक्टरों ने 85 कुपोषत समेत कुल 369 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। साथ ही ग्रामीणों को कुपोषण से बचाव की जानकारी भी दी। इस मौके पर मोहम्मद रेहान, सुदामा प्रसाद, मुकेश कुमार, शिव सिंह, बड़ेलाल आदि मौजूद रहे।