मामूली बात पर एक परिवार के पांच सदस्यों को पीटा
मवई केवट गांव में सोमवार शाम हुई घटना, एसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के मवई केवट गांव में सोमवार शाम मामूली बात पर दबंगों ने एक परिवार के पांच सदस्यों की पिटाई कर दी। इल्जाम है कि तहरीर देने जाने पर पुलिस ने डांटकर भगा दिया। पीड़ित पक्ष ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
मवई केवट गांव की सुषमा देवी पत्नी अमरनाथ ने बताया कि सोमवार शाम नाबदान का पानी बहाने को लेकर पड़ोसी उसे अपशब्द कह रहा था। विरोध करने पर परिजनों संग मिलकर पिटाई कर दी। महिला को पिटता देख उसके बेटे संजय, प्रदीप, चचिया ससुर इंद्रपाल और सास बीच-बचाव करने पहुंची। इनको भी पीटा गया। चीख-पुकार पर मौके पर आए ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दिया। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के बजाए फटकारकर भगा दिया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोप को गंभीरता से लेते हुए महेवाघाट इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।