संदिग्ध दशा में लगी आग में परचून की दुकान राख
-सैनी कोतवाली के कछुआ गांव में रविवार रात हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू। सैनी कोतवाली के कछुआ गांव में रविवार की एक परचून की दुकान में आग लग गई। इससे करीब साढ़े पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
म्यौहरा निवासी विकास सोनकर ने कछुआ में किराने की दुकान खोल रखी है। रोजाना की तरह रविवार की शाम भी विकास दुकान बंद कर घर चला गया था। आधी रात को दुकान में संदिग्ध दशा में आग लग गई। पड़ोसी की सूचना के बाद विकास मौके पर पहुंचा। दुकान के अंदर से लपटें देख सन्न रह गया। फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था। पीड़ित का कहना है कि तकरीबन साढ़े पांच लाख रुपये का सामान राख हो गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। सैनी कोतवाल का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
----------
वीजा के नाम पर युवक से साढ़े चार लाख की ठगी
अदालत के आदेश पर दो जालसाजों पर केस दर्ज
सिराथू (ब्यूरो)। सैनी कोतवाली क्षेत्र के सिपाह गांव में खाड़ी देश का वीजा बनवाने के नाम पर करीब साढ़े चार लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज कर लिया है।
सिपाह निवासी बच्छन का कहना है कि करीब दो साल पहले वह रोजगार की तलाश में भटक रहा था। इस दौरान गांव के इदरीश और इम्तेयाज ने उसे खाड़ी देश में अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने वीजा बनवाने के नाम पर उससे करीब साढ़े चार लाख रुपये ले लिए। पैसा लेने के बाद उसे दो साल तक बरगलाते रहे। पिछले दिनों पैसा वापस मांगने पर दोनों युवकों ने उसके साथ गाली -गलौज करने के साथ ही पिटाई की। साथ ही दोबारा पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने सैनी कोतवाली पुलिस से शिकायत की। इंसाफ नहीं मिलता देख युवक ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर रविवार को सैनी पुलिस ने दोनों आरोपियो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया।
----------
पति समेत चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस
सैनी कोतवाली के इस्माइलपुर में दो साल पूर्व हुई थी शादी
सिराथू। सैनी कोतवाली के इस्मालइपुर गांव में ब्याही एक विवाहिता को ससुरालियों ने दहेज के लिए पीटकर घर से निकाल दिया। तहरीर के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने कोर्ट की शरण लिया। अदालत के आदेश पर रविवार को कोतवाली पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया।
कोखराज क्षेत्र के रसूलपुर निवासी अहसान अली ने अपनी बेटी रोजी की शादी 21 जनवरी 2017 में सैनी क्षेत्र के इस्माइलपुर निवासी मो आलम पुत्र नफीस के साथ की थी। बताया जाता है कि ससुराल में कुछ दिन ठीक रहने के बाद उससे दहेज में एक लाख रुपये और एक बुलेट (बाइक) की मांग शुरू कर दी गई। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल में बेटी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया। सालभर पहले रोजी को ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। बिरादरी की पंचायत में भी बात नहीं बनी तो पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का सहारा लिया। अदालत के आदेश पर रविवार को सैनी कोतवाली पुलिस ने पति समेत चार लोगोें के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली ।