मंझनपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि कारोबारियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने पाएगी। बिजली विभाग कैंप लगाकर उद्योगों में कनेक्शन करे। महीने में दो बार थाने में कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर बैठक की जाए।
कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में गुरुवार को उद्योग बंधु की बैठक में डीएम ने भरोसा दिलाया कि उद्योग-धंधे बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हैं। कारोबारियों की बिल संबंधी समस्या का तत्काल निदान किया जाएगा। बैंक में लोन के लिए लंबित पत्रावलियों पर तत्काल निस्तारण का निर्देश दिया। कारोबारियों ने औद्योगिक क्षेत्र मखऊपुर में स्थित हड्डी गोदाम से बदबू आने की समस्या उठाई। यह भी अवगत कराया गया गोदाम अवैध तरीके से संचालित किया जा रहा है।
डीएम ने जिला पंचायत के प्रशासनिक अधिकारी को फौरन प्रकरण की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। यह भी निर्देश दिया कि गोदाम अगर अवैध तरीके से संचालित है तो कारोबारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए पुलिस बल के सहयोग से उसे खाली कराया जाए। केला फूड प्रोसेसिंग के उद्यमी कमलेश सिंह ने बताया केले के चिप्स, अचार सहित अन्य उत्पादों की बाजार में अधिक मांग है। बैठक में व्यापारी रमेश अग्रहरि, प्रवेश केसरवानी, बजेश के अलावा एसपी प्रदीप गुप्ता, सीडीओ इंद्रसेन सिंह, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र सहित सारे विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।