भाजपा के चायल विधायक संजय गुप्ता गुरुवार शाम स्थानीय एक्सईएन के खिलाफ पिपरी कोतवाली में धरने पर बैठ गए। फोन पर अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए रात तक वह आरोपी अफसर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की जिद पर अड़े रहे। वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अफसर मान-मनौव्वल की कोशिशें करते रहे। फिलहाल केस नहीं दर्ज किया गया।
चायल विधायक संजय गुप्ता ने बताया कि स्थानीय एक्सईएन भेदभावपूर्ण कार्रवाई करते हैं। चायल डिवीजन का गठन होने के बाद से अब तक उन्होंने एक भी वर्ग विशेष के व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। हिंदुओं को ही परेशान करते हैं। विधायक की मानें तो मंगलवार शाम एक्सईएन ने भरवारी निवासी चिकित्सक ओपी गुप्ता के घर पर छापा मारा। वहां बिजली चोरी नहीं पकड़े जाने के बाद भी एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। रिश्वत नहीं देने पर फर्जी तरीके से डॉक्टर के भाइयों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। विधायक का कहना है कि इस बारे में उन्होंने फोन पर एक्सईएन से वार्ता की थी। इस दौरान बातचीत खत्म होने के बाद फोन कटा समझकर एक्सईएन ने उन्हें अपशब्द कहा। इसकी रिकार्डिंग है।
इसी प्रकरण को लेकर गुरुवार को पूरे दिन एसडीएम चायल के दफ्तर में पंचायत हुई। जिसमें एक्सईएन और विधायक दोनों मौजूद रहे। बात नहीं बनने पर शाम को विधायक ने एक्सईएन के खिलाफ पिपरी पुलिस को तहरीर दे दी। केस नहीं दर्ज होने पर कोतवाली में वह धरने पर बैठ गए। विधायक के धरने पर बैठते ही पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने पसीना छोड़ दिया। मामले में एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि फिलहाल केस नहीं दर्ज किया गया है। विधायक से वार्ता की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विधायक का कहना है कि किसी भी कीमत पर वह एक्सईएन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।