शपथ के साथ ही निकायों में नई सरकार ने संभाली कमान
एडीएम, एसडीएम तो कहीं पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने दिलाई शपथ
नगर अध्यक्षों ने सदस्यों को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। जिले की छह नगर पंचायतों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों और सभासदों को अलग-अलग स्थानों पर शपथ दिलाई गई। अध्यक्षों को एडीएम, एसडीएम तो अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने शपथ दिलाकर उनकी ताजपोशी की। इसके बाद अध्यक्षों ने अपने-अपने नगर पंचायत के सभासदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में नगर अध्यक्ष व सभासदों के समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ा। इस दौरान शपथ ग्रहण स्थल खचाखच भरे नजर आए। सभी छह नगर पंचायतों में शपथ ग्रहण समारोह शांतिपूर्वक संपन्न होने पर पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने राहत की सांस ली है। उधर ताजपोशी के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने अपना-अपना कार्यभार संभाल लिया है।
नगर पंचायत मंझनपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष महताब आलम की ताजपोशी एडीएम राकेश कुमार श्रीवास्तव ने चकनगर द्वितीय मोहल्ला स्थित मैदान में की। इसके बाद नवनिर्वाचित चेयरमैन ने नगर के सभासदों दुर्गा प्रसाद चौधरी, आशा देवी, मो. सैफ, संगीता देवी, मो. तौफीक, दिनेश चंद्र अग्रहरि, रुखसाना, झल्लर चौरसिया, शीवेंद्र उर्फ रिंकू, नगमा बेगम तथा नजीर अहमद समेत सभी सदस्यों को पथ एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले उनके माता-पिता को भी नगर की रहनुमाई करने का मौका दिया था। इस बार जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है । उसे पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। समारोह में सईदुर रब, जावेद इकबाल, संतोष गौतम, सुरेश पासी, मैदान सिंह पटेल, मो. फैज, राजू गौतम, दुर्गा प्रसाद मौर्य मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन जिलाध्यक्ष बसपा महेंद्र गौतम ने किया।
अजुहा में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने दिलाई शपथ
अजुहा (ब्यूरो)। नगर पंचायत अजुहा का शपथ ग्रहण समारोह कस्बा स्थित एक निजी विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ। यहां के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार निर्मल उर्फ पप्पू को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट द्वितीय ज्योति मौर्य ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। ताजपोशी के बाद नगर अध्यक्ष ने बृजरानी, बबली देवी, ज्ञानचंद्र पाल, रंजना देवी, गोविंदी देवी, इरशाद, सूघर सिंह, कृष्ण कुमार, पीयूष सिंह, सुरेश चंद्र, नीलम वैश्य व फूलचंद्र सभी 12 सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वायदों को पूरा करने का पूरा किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में ईओ नगर पंचायत अंजनी मिश्रा के अलावा कपूर चंद्र केसरवानी, ओम प्रकाश कुशवाहा, पूर्व चेयरमैन शांती कुशवाहा, मिथलेश केसरवानी, राजकुमार केसरवानी, शिव प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रामसजीवन निर्मल, रमेश चंद्र केसरवानी, मज्जन अली, शेरा यादव, रवि कुमार वैश्य, डॉं. संत लाल कुशवाहा आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।
करारी में सपा के छह सदस्यों ने किया बहिष्कार
-शपथ ग्रहण समारोह स्थल को लेकर भड़के सभासद
अध्यक्ष और आधे सदस्यों को दिलाई गई शपथ
करारी (ब्यूरो)। कस्बे का शपथ ग्रहण समारोह विवादों में फंस गया। यहां समारोह स्थल को लेकर नाराज छह सदस्यों शपथ ग्रहण का बहिष्कार कर दिया। लिहाजा अध्यक्ष के साथ सिर्फ आधा दर्जन सदस्यों को ही शपथ दिलाई जा सकी। करारी कस्बे में मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था। इसे लेकर सभासद सुग्गा, रूबीना तहसीन, मो. शोएब, मो. इमरान, आबिदा बीबी तथा मुख्तार अहमद समेत सदस्यों में नाराजगी थी। सपा के इन सदस्यों का कहना था कि समारोह कार्यालय के बजाय पानी टंकी परिसर में रखा जाए। गुस्साए इन सदस्यों ने समारोह का बहिष्कार करते हुए शपथ ही नहीं लिया। ऐसे में एसडीएम सदर विवेक चतुर्वेदी ने अध्यक्ष उर्मिला देवी को शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष ने सभासद सुमित्रा देवी, बलराम वर्मा, दिनेश कुमार, अंशु मौर्या, संध्या जायसवाल, मो. अजमल समेत छह सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में परवेज अख्तर अंसारी, संजय जायसवाल, आनंद मोहन पटेल, गुलाम हुसैन सहित तमाम समर्थक व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सिराथू नगर अध्यक्ष की एसडीएम ने की ताजपोशी
सिराथू (ब्यूरो)। नगर पंचायत सिराथू का शपथ ग्रहण समारोह कस्बे के हौलीपर स्थित मैदान में हुआ। एसडीएम सिराथू शिवनारायण सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र कुमार उर्फ भोला यादव को शपथ दिलाते हुए ताजपोशी की। शपथ लेने के बाद समर्थक सुमित पांडेय ने अध्यक्ष को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। कुर्सी संभालने के बाद अध्यक्ष ने धुमनी देवी, पंचमलाल, हीरालाल, सटकूलाल, ज्ञानसिंह, मो. हकीम, राकेश कुमार, सुचिता केसरवानी, रुक्मणि, शमी मासेहम्मद तथा कुसुम देवी समेत सभी 11 सभासदों को उनके पद एवं गोपनीयत की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में ईओ सिराथू लाल चंद्र मौर्य, लिपिक दीप कमल, कड़ा ब्लॉक प्रमुख अनुज सिंह, डॉ. अशर्फी लाल शास्त्री, आशीष मौर्य, राम सजीवन निर्मल, रमेश यादव, खालिक हसन सहित सैकड़ो गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह स्थल को लेकर सरायअकिल में भी हुआ विवाद
अध्यक्ष के साथ सिर्फ सात सदस्यों ने ही ली शपथ, बाकी छह सदस्यों को नगर पंचायत कार्यालय में दिलाई गई शपथ
सरायअकिल (ब्यूरो)। करारी की तरह ही यहां भी समारोह स्थल को लेकर विवाद हुआ। इसके चलते कांग्रेस के छह सदस्यों ने अध्यक्ष के साथ शपथ लेने से इंकार कर दिया। उन्हें समारोह से अलग हटकर नगर पंचायत कार्यालय में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने शपथ दिलाई।
सरायअकिल में नव निर्वाचित चेयरमैन व सदस्यों के शपथ के लिए एक निजी गेस्ट हाउस में समारोह का आयोजन किया गया था। स्थल को कांग्रेसी सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि समारोह नगर पंचायत कार्यालय परिसर में होना चाहिए। नाराज सरोज देवी, मायादीन, रिजवान अहमद, ऊषा सिंह, भोला सिंह व अनूप सिंह आदि सदस्यों ने समारोह का बहिष्कार कर दिया। लिहाजा आयोजन स्थल पर केवल अध्यक्ष शिवदानी व सभासद रश्मि अग्रहरि, अशोक कुमार, रामबहादुर, सीमा, मो. अच्छन, प्रियंका केसरवानी तथा राधा तिवारी समेत सात सदस्यों को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट लालजी मिश्र ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद नगर पंचायत कार्यालय में नाराज गुट को भी अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने ही शपथ दिलाई। समारोह में चायल विधायक संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पासी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा देवी, ईओ लालजी यादव, रवींद्र जायसवाल, उमेश केसरवानी, पियूष रस्तोगी, गौरीशंकर मोदनवाल सहित कस्बे के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।
चायल अध्यक्ष शिवमनी को एसडीएम ने दिलाई शपथ
चायल (ब्यूरो)। एसडीएम अश्वनी कुमार श्रीवास्तव ने चायल में नव निर्वाचित अध्यक्ष शिवमनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष ने मुन्ना सिंह, गुड्डी देवी, शिमला देवी, शंकर लाल, अमरनाथ, हामिद, शुर्मिला देवी, मनीष कुमार, सुशीला देवी, रामआसरे समेत सभी दस सदस्यों को शपथ दिलाई। इस मौके पर नगर अध्यक्ष ने कहा कि पहली बार चुनाव लड़ा और कस्बे की जनता ने भरोसा जताया है। उनके भरोसे को कभी भी टूटने नहीं दिया जाएगा। नगर के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं रखी जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में विधायक संजय गुप्ता, ईओ अंजू यादव, सीओ चायल, एसओ पिपरी अर्जुन सिंह सहित कस्बे के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।