जिला स्टेडियम में शुक्रवार से शुरू हुई राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में खेल प्रतिभाओं का रोमांचक देखने को मिल रहा है। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता की मेजबानी पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय टेंवा कर रहा है। पहले ही दिन शुक्रवार को खिलाड़ियों के बीच 70 अलग-अलग मुकाबले हुए। नाकआउट के सिद्धांत पर यह मैच हो रहे हैं। हालांकि देर शाम तक प्रतियोगिता होती रही। शनिवार को फाइनल मुकाबला होगा।
राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका मंझनपुर अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार फौजी ने किया। प्राचार्य विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लखनऊ, हरिद्वार, वाराणसी व आगरा के दो-दो क्लस्टर की कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक क्लस्टर से दो बालक व दो बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। कुल 96 खिलाड़ी के बीच यह मुकाबला हो रहा है। नाॅकआउट आधार पर खेली जा रही प्रतियोगिता के पहले दिन करीब 70 मुकाबले खेले गए। फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।