युवक ने गला दबाकर किया बेटे की हत्या का प्रयास
मंझनपुर। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के कयामउद्दीनपुर गांव में गुरुवार शाम पिता ने ही गला दबाकर बेटे की हत्या का प्रयास किया। मां ने शुक्रवार को एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कयामउद्दीनपुर गांव की लीला देवी ने बताया कि पति कई सालों से उसे छोड़े हुए है। अदालत का निर्देश होने के बाद भी खर्चा नहीं देता। आए दिन मुकदमे में समझौते के लिए धमकी देता है। पीड़िता की मानें तो गुरुवार शाम वह खेतों की ओर गई थी। बेटा अरविंद देहरी पर बैठकर पढ़ रहा था। इसी बीच पति आया और गाली-गलौज करते हुए अरविंद को पीटने लगा। घर में ले जाकर उसने गला दबाकर अरविंद को मारने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुन तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इससे अरविंद की जान बच गई। एसपी प्रदीप गुप्ता ने पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
-----
एसपी से कार्रवाई की मांग
मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि 31 जनवरी को पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी की थी। विरोध करने पर सास-ससुर को पीटा था। पीड़िता की मानें तो घटना की शिकायत तभी स्थानीय पुलिस से की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान पीड़ित महिला ने शुक्रवार को एसपी से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
-----
बीमारी से परेशान वृद्ध लापता
चायल (ब्यूरो)। सरायअकिल क्षेत्र के कादिरपुर नेवादा निवासी रघुराज सिंह (72) की तबीयत काफी दिनों से खराब चल रही है। मंगलवार सुबह वह बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला। इसके बाद लौटकर नहीं आया। परिजनों ने काफी खोजबीन की। कहीं कोई सुराग नहीं लगा। वृद्ध के बेटे मनोज कुमार ने अनहोनी की आशंका जताते हुए शुक्रवार को पुलिस को तहरीर दी है।
-----
एसडीएम से कार्रवाई की मांग
चायल (ब्यूरो)। क्षेत्र के कूड़ापुर (सैयद सरावां) गांव की मीना देवी ने बताया कि उसका पति शराब का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए वह गृहस्थी का काफी सामान पहले ही बेच चुका है। अब घर के सामने पड़ी पुश्तैनी भूमि बेचने की कोशिश कर रहा है। इसका विरोध करने पर गाली-गलौज करता है। पीड़िता ने शुक्रवार को इसकी शिकायत एसडीएम से करके कार्रवाई की मांग की है।
-----
प्रेमी संग किशोरी फरार, हंगामा
चायल (ब्यूरो)। पिपरी कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी का पड़ोसी युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी होते ही परिजनों ने दोनों के मिलने-जुलने पर पहरा लगा दिया। किशोरी को फटकारने के साथ उसके कहीं आने-जाने पर भी पाबंदी लगा दी। इन्हीं बंदिशों से तंग युगल गुरुवार रात घर से भाग गए। सुबह इसकी जानकारी होते ही किशोरी के परिवार वाले बिफर पड़े। उन्होंने आरोपी युवक के घर पर चढ़कर गाली-गलौज किया। युवक के एक साथी को पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पिपरी इंस्पेक्टर राकेश तिवारी का कहना है कि तहरीर मिली है। युगल की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा।