आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए सरकार
मंझनपुर चौराहे से कलक्ट्रेट तक कौमी महिला-पुरुषों ने किया प्रदर्शन
जिलाधिकारी को सौंपा राष्ट्रपति को संबोधित मांगों का ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। आतंकवाद के खिलाफ कौमी महिला-पुरुषों ने शुक्रवार को मंझनपुर में प्रदर्शन किया और नारेबाजी भी की। इसके बाद कलक्ट्रेट में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में हुई आतंकी घटना में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने व आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कौमी महिला-पुरुषों ने प्रदर्शन किया। ज्ञापन में मांग किया गया कि पुलवामा घटना को अंजाम देने वाले आतंकवादियों के खिलाफ सरकार सख्ती से पेश आए। पुलवामा की घटना में स्थानीय गद्दार भी शामिल हैं। इन गद्दारों को सबक सिखाया जाय। जवानों को बुलेट प्रूफ वाहन व उच्च क्वालिटी के हथियार मुहैया कराए जाएं। जम्मू कश्मीर के लोग जो मुख्यधारा से जुड़े हैं उन्हें देश में कहीं भी सुरक्षा दी जाय और जो नहीं जुड़े उनके विरुद्ध कार्रवाई हो। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने मांगों का ज्ञापन राष्ट्रपति तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। जुलूस का नेतृत्व शिया धर्म गुरु मौलाना सैयद जमीर हैदर रिजवी, इमामे जुमा शिया जामा मस्जिद करारी व मौलाना सैयद कौसर अब्बास रिजवी इमामे जुमा शिया जामा मस्जिद मंझनपुर ने किया। प्रदर्शन में मंझनपुर, करारी, भरवारी, कड़ा, सिराथू समेत जिले भर से आए शिया समुदाय के महिला पुरुष शामिल रहे।
----
डीएम की चेतावनी के बाद भी छुट्टा घूम रहे मवेशी
म्योहर गांव में मौजूद निराश्रित मवेशी उजाड़ रहे फसल
म्योहर (ब्यूरो)। निराश्रित मवेशी घूमते मिले तो संबंधित क्षेत्र पंचायत के बीडीओ व नगर पंचायत के ईओ की खैर नहीं है। यह चेतावनी गुरुवार को डीएम ने बैठक में दी। इसके बावजूद मवेशी छुट्टा घूम रहे हैं।
निराश्रित मवेशियों को गांव-गांव बनाए गए आश्रय स्थल में रखा जाय। इतना ही नहीं उनके खान-पान का भी पूरा खयाल रखा जाय। इसे लेकर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बीडीओ, ईओ के साथ गुरुवार को बैठक की थी। बैठक में उन्होंने चेतावनी दी थी कि निराश्रित मवेशी घूमते मिले तो संबंधित बीडीओ व ईओ पर कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार की सुबह म्योहर गांव में लगभग डेढ़ सौ निराश्रित मवेशी ग्रामीणों द्वारा दौड़ाते देखे गए। गांव के बाबूलाल सरोज का कहना है कि सुबह वह खेत की ओर गया तो दर्जनों मवेशी गेहूं की फसल को चट कर रहे थे। उन्हें खेत से भगाने के लिए पड़ोस के लड़कों की मदद लेनी पड़ी। यह हाल जिले के अन्य गांवों का भी है। मामले में बीडीओ हरिश्चंद्र सिंह का कहना था कि जो मवेशी छुट्टा घूम रहे हैं उन्हें आश्रय स्थल तक पहुंचाया जा रहा है। एक भी मवेशी छुट्टा घूमने नहीं पाएंगे।