शिकायतों का अंबार देख मातहतों पर भड़के डीएम
गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होता तो संपूर्ण समाधान दिवस में नहीं आतीं इतनी शिकायतें
तीन सौ से अधिक शिकायतों में 10 का मौके पर निस्तारण
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
मंगलवार को चायल में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल तीन सौ से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। फरियादियों की भीड़ देख डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने मातहतों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होता तो इतनी अधिक शिकायतें नही आतीं। मातहतों पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने दस शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया। बची हुई शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की कड़ी हिदायत दी।
जिला स्तरीय पहला संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस का नया नाम) चायल में डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता व एसपी अशोक कुमार पांडेय की मौजूदगी में संपन्न हुआ। सुबह दस बजे जैसे ही डीएम पहुंचे फरियादियों की लंबी लाइन लग गई। दोपहर डेढ़ बजे तक कुल 288 शिकायतें दर्ज हो चुकी थीं। समाधान दिवस में फरियादियों की उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए डीएम ने मातहतों पर भृकुटी तानी। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाता तो इतने फरियादी कैसे आते। दस शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराते हुए डीएम ने मातहतों को हिदायत दी कि जांच में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं मिला तो संबंधित की खैर नहीं है। डेढ़ बजे के बाद आई शिकायतों के दर्ज नहीं हो पाने से सही आंकड़ा स्पष्ट नहीं हो सका। फिलहाल तीन सौ से अधिक शिकायती पत्र आने से अफसरों का हाल बेहाल रहा। समाधान दिवस में एसडीएम चायल अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. दीपेंद्र कुमार मालवीय, डीपीआरओ कमल किशोर, डीडीओ डीके दोहरे सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इसी तरह मंझनपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम लालजी मिश्र ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल 232 फरियादी आए। आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराते हुए एसडीएम ने बाकी के लिए मातहतों को निर्देशित किया। सिराथू में शिकायतों की सुनवाई एसडीएम शिवनारायण सिंह ने की। यहां 115 शिकायतें दर्ज र्हुइं। दो का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम ने बाकी शिकायतें मातहतों को निर्धारित समय में निस्तारण करने का निर्देश दिया।
15 अगस्त तक आवेदन पत्र दें एक से अधिक शस्त्र के धारक
मंझनपुर (ब्यूरो)। एक से अधिक शस्त्र के धारकों का शस्त्र लाइसेंस एकीकरण किया जाना है। इसके लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एक से अधिक शस्त्र लाइसेंस धारकों को 15 अगस्त तक प्रार्थना पत्र देने का निर्देश दिया है। प्रार्थना पत्र के साथ संबंधित शस्त्र धारकों को लाइसेंस की छायाप्रति भी देनी होगी।
छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे दिव्यांगजन
मंझनपुर (ब्यूरो)। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश कुमार सोनकर ने बताया कि दिव्यांग छात्र-छात्राओं को प्री-मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक व टॉप क्लास छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। उन्होंने बताया कि प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर व पोस्टमैट्रिक, टॉप क्लास छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित की गई है। सभी दिव्यांगजन छात्र-छात्राएं निर्धारित अवधि के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन कर दें।