कोखराज क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के अनुसार, गिरधरपुर निवासी देवेंद्र कुमार (55) शुक्रवार को अपने घर में बाथरूम में नहाने गए थे।
इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की। लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक देवेंद्र कुमार खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।