यूपी बोर्ड : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड
- फोटो : Amar Ujala Graphics
बिना परीक्षा दिए उत्तीर्ण होने वाले 549 छात्र बोर्ड के परीक्षाफल से संतुष्ट नहीं हैं। ये छात्र अब परीक्षा देकर अंक हासिल करेंगे। यूपी बोर्ड इन छात्रों की अलग से परीक्षा कराएगा। फिलहाल, इन छात्रों का पूर्व में घोषित परिणाम अमान्य कर दिया जाएगा। इस बार कोरोना संक्रमण के कारण पूरे साल हाईस्कूल और इंटर की पढ़ाई नहीं हो सकी। यूपी बोर्ड ने ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था की थी। पाठ्यक्रम में भी कटौती की गई। इसके बाद भी परीक्षा कराने का माहौल नहीं बन सका। कोरोना संक्रमण का खतरा बराबर बना रहा। ऐसे में यूपी बोर्ड ने कक्षा नौ से 12 तक के सभी छात्र छात्राओं को बिना परीक्षा के ही उत्तीर्ण घोषित कर दिया।
कक्षा 10 और 12 के परीक्षाफल के लिए पिछली कक्षाओं में प्राप्त किए गए अंकों को बेस बनाकर परिणाम घोषित किया गया। यूपी बोर्ड ने परीक्षाफल घोषित करने के बाद यह तय किया कि जो विद्यार्थी परीक्षाफल से संतुष्ट नहीं हों वह अंक सुधार परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। उन्हें परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। परीक्षा देने के लिए छात्र छात्राओं से 27 अगस्त तक अपने-अपने विद्यालयों आवेदन करने को कहा गया। इन आवेदनों को प्रधानाचार्यों के जरिए 29 अगस्त तक बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कराया गया। अंतिम तिथि तक हाईस्कूल के 256 एवं इंटरमीडिएट के 293 समेत 549 विद्यार्थियों ने परीक्षा में शामिल होने का आवेदन किया। अब इन सभी की परीक्षा कराई जाएगी।
18 सिंतबर से छह अक्तूबर के बीच होगी परीक्षा
आवेदन करने वाले छात्र छात्राओं की परीक्षा 18 सितंबर से छह अक्तूबर के बीच होगी। बोर्ड के निर्देश पर परीक्षा केंद्र तय किए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक एसके मिश्रा ने बताया कि आवेदकों का 31 जुलाई को घोषित किया गया परीक्षाफल अमान्य कर दिया जाएगा। अब परीक्षा में प्राप्त होने वाले अंक ही मान्य होंगे। सभी छात्रों की सूचना बोर्ड मुख्यालय को भेज दी गई है। निर्देश मिलते ही परीक्षा संपादित कराई जाएगी।
परीक्षा केंद्र के लिए प्रस्तावित किए गए तीन विद्यालय
अंक सुधार परीक्षा जिले के तीन विद्यालयों में कराई जाएगी। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सिराथू, श्री दुर्गा देवी इंटर कॉलेज ओसा और लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज चायल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। डीआईओएस ने बताया कि इस बाबत प्रस्ताव बोर्ड को भेज दिया गया है।