मंझनपुर। ग्राम पंचायतों में खड़ंजा, नाली आदि पक्के कार्य जल्द ही कराए जाएंगे। शनिवार को ब्लाक प्रमुख मंझनपुर ने क्षेत्र पंचायत की बैठक में पक्के कार्यों के लिए 35 करोड़ की कार्ययोजना को हरी झंडी दी है। इसी तरह मनरेगा योजना के तहत 18 करोड़ के प्रस्ताव को स्वीकृत प्रदान की गई है। बैठक में क्षेत्र के विकास के लिए 53 करोड़ की कार्य योजनाओं पर मुहर लगी है। इसस दौरान शौचालय आवास आदि अन्य प्रस्तावों की पुष्टि की गई है।
मंझनपुर ब्लाक स्थित मीटिंग हाल में शनिवार को ब्लाक प्रमुख शेष नारायण करवरिया की अगुवाई में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इसमें 57 ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2015-16 की राज्यवित्त की 10 करोड़, तेरहवें वित्त की 25 करोड़ और मनरेगा की 18 करोड़ के परियोजनाओं के प्रस्ताव पर ब्लाक प्रमुख की मुहर लगी। वहीं अन्य कई प्रस्तावों को स्वीकृत प्रदान की गई है। शौचालय, आवास आदि कार्ययोजनाओं की पुष्टि की गई है।
ब्लाक प्रमुख ने पिछली बैठक में स्वीकृत कार्य योजनाओं की समीक्षा की। प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से अधूरे कार्यों को पूरा कराने का आह्वान किया। खंड विकास अधिकारी जवाहरलाल सरोज ने बिंदुवार कार्ययोजनाओं को पढ़कर सुनाया। सदस्यों ने मेज थपथपा कर स्वीकृत प्रदान की। इस मौके पर एडीओ चुन्नूबाद, वीडीओ दिनेश पाल, श्रवण मिश्र, दिलीप मिश्र, सुनील मिश्र, योगेंद्र सिंह, ओंकारनाथ केसरवानी आदि मौजूद रहे।