नेवादा। स्थानीय विकास खंड की नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख राधा देवी को एसडीएम अनिल चतुर्वेदी ने रविवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक चायल संजय गुप्ता ने क्षेत्र के विकास का वादा किया। साथ ही इलाके में विधायक निधि से पांच हाईमास्ट लगवाने का एलान किया।
ब्लॉक प्रमुख रही बबुली देवी के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बाद हुए उप चुनाव में पिछले दिनों राधा देवी निर्वाचित हुईं थीं। नवनिर्वाचित प्रमुख को शपथ दिलाने के लिए रविवार को ब्लॉक परिसर में समारोह का आयोजन किया गया। इसमें एसडीएम चायल अनिल चतुर्वेदी ने राधा देवी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के मुख्य अतिथि चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि शेष दो साल के कार्यकाल में विकास खंड क्षेत्र का राधा देवी के नेतृत्व में ऐतिहासिक विकास कराया जाएगा। विधायक ने इलाके में पांच हाईमास्ट भी लगवाने का एलान किया। समारोह का संचालन भाजपा नेता बृजेंद्र नारायण मिश्र ने किया। इस मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि धर्मेंद्र पांडेय, बीडीओ श्वेता सिंह, दूर्गेश मिश्रा, उमेश केशरवानी, भरतभूषण, पिंटू द्विवेदी, मनोज द्विवेदी, अवध नारायण पांडेय, नीरज मिश्रा, विनोद द्विवेदी, रविंद्र सिंह, घनश्याम केसरवानी, भारतभूषण द्विवेदी, राजेश सिंह, शैलेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।