सिराथू। धार्मिक नगरी शीतला धाम कड़ा में स्वच्छता अभियान की हवा सफाई कर्मियों ने ही निकाल दी है। धार्मिक नगरी में सफाई ठप होने से हर ओर गंदगी फैली है। जगह-जगह नालियां चोक होकर बजबजा रही हैं। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका जताई जा रही है।
धार्मिक नगरी शीतला धाम कड़ा में देवी मां के दर्शन-पूजन के दूसरे जिलों और राज्यों से श्रद्धालु आते हैं। प्रशासन 51 पीठों में शुमार मां शीतला धाम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने का दावा करता है, लेकिन तस्वीर विपरीत देखने को मिल रही है। राजस्व अभिलेख में फराहिमपुर कलेसर मऊ नाम से दर्ज शीतला धाम में दो सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है।आरोप है कि दोनों सफाईकर्मी ड्यूटी से नदारद रहते हैं। मेला के दौरान कर्मचारी भाड़े के मजदूर लगाकर सफाई करा देते हैं। गांव के सुनसुन पंडा, अतुल पंडा, राजू केशरवानी, मोनू पुरोहित आदि का कहना है कि शीतला धाम में नियमित सफाई नहीं होती है। धार्मिक नगरी के चारों ओर गंदगी पसरी है। जिधर देखो उधर ही कूड़े का ढेर लगा है। वीआईपी रोड की तो और भी खराब हालत है। इस मार्ग की नालियों की सफाई नहीं होने से गंदगी बजबजा रही है। ग्रामीण इस बात से परेशान हैं कि कहीं गंदगी से संक्रामक बीमारी न फैल जाए। ग्राम प्रधान बिटोला देवी का कहना है कि उन्होंने बीडीओ को सफाईकर्मियों के नहीं आने से अवगत करा दिया है। बीडीओ कड़ा राकेश कुमार का कहना है कि अगर सफाई कर्मी अपने काम पर नहीं जा रहे हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।