मंझनपुर। गुरुकुल स्कूल के समीप सैनी हाईवे पर शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में होमगार्ड जवान की मौत हो गई। 100-डॉयल वाहन में जवान की तैनाती थी। सुबह ड्यूटी से छूटने के बाद वह मौसेरे भाई के साथ बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक ने बाइक सवार गार्ड व उसके मौसेरे भाई को चपेट में लिया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होमगार्ड की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के बंगाली चक नवावां गांव का धर्मवीर (40) पुत्र महावीर होमगार्ड जवान था। इन दिनों उसकी तैनाती 100 डॉयल वाहन में थी। शुक्रवार सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद मंझनपुर से मौसेरे भाई सत्यनारायण पुत्र सजीवन निवासी हाजीपुर पतौना गांव के साथ बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार सैनी गुरुकुल स्कूल के समीप पहुंचे। तभी इलाहाबाद की ओर से आए बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस बुलाने के बाद पुलिस घायलों को जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने से पहले होमगार्ड जवान धर्मवीर की मौत हो चुकी थी। घायल सत्यनारायण को अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। होमगार्ड जवान की मौत से मां-बाप के साथ पत्नी तारावती और बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
किसान पर टूटा दुखों का पहाड़
सिराथू(ब्यूरो)। बंगाली चक नवावां गांव निवासी महावीर किसान है। उसके दो बेटे हैं धर्मवीर और दिनेश। धर्मवीर होमगार्ड में नौकरी करता था, दिनेश पिता के साथ किसानी में मदद करता था। शुक्रवार को हादसे में बडे़ बेटे धर्मवीर की मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
सड़क हादसे में होमगार्ड जवान की मौत, एक घायल
गुरुकुल स्कूल के समीप बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मारी
मौसेरे भाई के साथ बाइक से जा रहा था घर,घायल भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो