बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से जारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। एक पद के लिए 42 दावेदार हैं। 190 पदों के लिए आठ हजार से अधिक आवेदन आए हैं। ऑनलाइन आवेदन के साथ प्राप्त आय, जाति व निवास प्रमाण पत्रों के सत्यापन का कार्य चल रहा है।
जिले में 1775 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन हो रहा है। इन केंद्रों पर 3170 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं की तैनाती होनी है। पूर्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवानिवृत्त होने से कई पद रिक्त हो गए। 190 पदों के लिए अक्तूबर 2024 में ऑनलाइन आवेदन लिए गए। इसमें जिले के कुल 8,028 लोगों ने आवेदन किए।
प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रेनू वर्मा ने बताया कि पारदर्शी तरीके से नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राप्त आवेदन पत्रों के सत्यापन का कार्य चल रहा है। बताया कि जिलाधिकारी की ओर से गठित जिला स्तरीय समिति की ओर से प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अगर कोई नियुक्ति के नाम पर कोई प्रलोभन देता है, तो इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।