पीएम आवास की रकम बंटवारे को लेकर भिड़े सगे भाई
मां के नाम पर मिला है पीएम आवास
एक पक्ष अजुहा चौकी का घेराव कर दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
अजुहा। प्रधानमंत्री आवास बनवाने के लिए मिले पैसे के बंटवारे को लेकर शुक्रवार को सगे भाइयों के बीच मारपीट हो गई। एक पक्ष ने अजुहा चौकी का घेराव कर विरोध जताया। पुलिस ने घटना की तहरीर ले ली है।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह कृष्णा नगर में रहने वाली कुदरत निशा के पति लल्लन की मौत हो चुकी है। कुदरत निशा को प्रधानमंत्री आवास मिला है। योजना की पहली किश्त 50 हजार रुपये मिली तो बेटे अमान ने उसमें से 35 हजार रुपया अपने पास रख लिया। इसके बाद डेढ़ लाख रुपया फिर कुदरत निशा के खाते में आया तो अमान फिर अपना हिस्सा मांगने पहुंच गया। इसका विरोध कुदरत के दूसरे बेटे अमीन उल्ला ने किया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद था। शुक्रवार को दोनों समझौता करने के लिए एक स्थान पहुंचे थे। इस दौरान बात नहीं बनी और वह लोग मारपीट करने लगे। शोरगुल पर पहुंचे मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। अमान उल्ला के पक्ष से उसकी पत्नी शहनाज बेगम ने ग्रामीणों के साथ पुलिस चौकी में प्रदर्शन कर चार लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया। चौकी पुलिस ने उसे सैनी कोतवाली भेज दिया है।