मंझनपुर। करारी के चमनगंज में स्वास्थ्य पोषण परामर्श एवं देखभाल केंद्र का मंगलवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने केंद्र स्थापित करने वाली संस्था की सराहना की।
दोआबा विकास एवं उत्थान समिति करारी द्वारा कुपोषण को दूर करने एवं बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल करने के लिए स्वास्थ्य पोषण परामर्श एवं देखभाल केंद्र की स्थापना की है। इसका मंगलवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शुभारंभ किया। इस मौके पर डीएम ने कहा कि संस्था द्वारा जिले के 35 गांवों में कुपोषण को दूर करने, स्वच्छता व अन्य सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। नए केंद्र की स्थापना से बच्चों की देखभाल में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य अन्य संस्थाओं को भी करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील किया कि स्वच्छता अभियान में भागीदार बनते हुए अपने घर एवं आस पड़ोस को साफ-सुथरा रखें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। अंत में कहा कि बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए गर्भवती महिलाओं का स्वस्थ रहना जरूरी है। उनका स्वास्थ्य परीक्षण समय-समय पर होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने डीपीओ राकेश मिश्र, सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी को कुपोषण संबंधित सभी सुविधाओं का लाभ बच्चों व गर्भवती महिलाओं को समय पर दिए जाने का निर्देश दिया। इस मौके पर संस्था के पदाधिकारी व सदस्यों के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।