विकास खंड सरसवां की भरसवां ग्राम सभा में शनिवार को सीडीओ ने मार्निंग फालोअप किया। इस दौरान उन्होंने गांव की सफाई व शौचालय निर्माण की हकीकत जानी। शौचालय निर्माण में खामियां नजर आने पर उन्होंने ग्राम प्रधान को सुधरवाने का निर्देश दिया। कार्यक्रम से गायब रहे डीपीसी का सीडीओ ने एक दिन का वेतन रोक दिया।
गांवों को ओडीएफ (खुले से शौच मुक्त) बनाने के लिए जिला स्तरीय अफसरों द्वारा मार्निंग फालोअप कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह विकास खंड सरसवां के भरसवां गांव पहुंचे। यहां पर ग्राम प्रधान ने सीडीओ को बताया कि बेसलाइन सर्वे के आधार पर गांव के 495 लोगों का शौचालय बनवाने का लक्ष्य मिला है।
इनमें से 137 शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बाकी शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। निर्मित शौचालयों में निरीक्षण के दौरान सीडीओ को कुछ खामियां नजर आईं। किसी शौचालय का दरवाजा अंदर की तरफ खुल रहा था तो किसी की हाइट कम थी। इस पर उन्होंने ग्राम प्रधान को सुधार कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान ने आश्वस्त किया कि वह 30 जुलाई तक गांव को पूर्ण रूप से ओडीएफ कर देंगे।
उधर कार्यक्रम के दौरान डीपीसी के सुजीत यादव के अनुपस्थित रहने पर सीडीओ ने मौके पर मौजूद रहे डीपीआरओ को एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। मार्निंग फालोअप में बीडीओ शरद कुमार श्रीवास्तव, सहायक विकास अधिकारी कमलाकांत मिश्र के अलावा तकनीकी सहायक एवं नोडर आफिसर, ओडीएफ सहायक अभियंता मौजूद रहे। सीडीओ ने गांव की निष्क्रिय हो चुकी निगरानी समिति को सक्रिय करने का भी निर्देश ग्राम प्रधान विकास तिवारी को दिया।
मार्निंग फालोअप में अनुपस्थित डीपीसी का रोका वेतन
शौचालय निर्माण में मिलीं खामियां, सुधरवाने के निर्देश
डीसी मनरेगा गजेंद्र तिवारी स्थानांतरित
मंझनपुर (ब्यूरो)। उपायुक्त मनरेगा गजेंद्र तिवारी का स्थानांतरण शासन द्वारा कर दिया गया है। उन्हें उपायुक्त श्रम रोजगार देवरिया बनाया गया है। गजेंद्र तिवारी जिले में उपायुक्त स्वत: रोजगार पद पर किया गया है।
15 दिन से गायब सफाई कर्मी निलंबित
गांव में गंदगी देख सेक्रेटरी ने डीपीआरओ से की शिकायत
मंझनपुर (ब्यूरो)। विकास खंड कड़ा के कनवार गांव में तैनात सफाईकर्मी को डीपीआरओ ने शनिवार को निलंबित कर दिया। गांव में तैनात सेक्रेटरी ने गंदगी देख डीपीआरओ से शिकायत की थी। सेक्रेटरी की शिकायत पर कार्रवाई होने से अन्य लापरवाह सफाई कर्मियों में हड़कंप है।
कनवार गांव में तैनात सेक्रेटरी उमाशंकर साहू ने शनिवार की सुबह डीपीआरओ से शिकायत की। आरोप लगाया कि गांव का सफाई कर्मी किरन हेला पखवारे भर से गायब है। इससे पहले भी वह कभी-कभी गांव आता था। सफाई न होने से गांव की गलियां व नालियां गंदगी से पट गई है। डीपीआरओ ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सफाई कर्मी को तत्काल प्रभाव निलंबित कर दिया। लगाए गए आरोपों की जांच एडीओ पंचायत को सौंपते हुए उसे कड़ा कार्यालय संबद्ध कर दिया गया है। डीपीआरओ की कार्रवाई से लापरवाह सफाई कर्मियों में हड़कंप है।
गोद लिए गांव में डीपीआरओ ने लगाई चौपाल
मंझनपुर (ब्यूरो)। जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर शनिवार को विकास खंड नेवादा के पनारा गोपालपुर गांव में चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि यह गांव उनका गोद लिया हुआ है। चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सफाई व्यवस्था का हाल जानते हुए शौचालयों की हकीकत खंगाली। इसके बाद उन्होंने प्रधान सेक्रेटरी को हिदायत दिया कि गांव में किसी भी कीमत पर गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव को ओडीएफ बनाने के लिए एक-एक शौचालयों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण समय पर पूरा कराएं। इस मौके पर उनके साथ एडीओ पंचायत भी मौजूद रहे।