41 officers-employees missing from training, FIR instructions
- फोटो : KAUSHAMBI
पारदर्शी एवं निष्पक्ष पंचायत चुनाव कराने के लिए शुक्रवार को नवीन मंडी ओसा में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। पहले दिन के प्रशिक्षण से 41 अधिकारी एवं कर्मचारी गायब रहे। डीएम अमित कुमार सिंह ने सीडीओ को अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर करानेे के निर्देश दिए। मौजूद 1959 अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदान कराने के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
ओसा स्थित नवीन मंडी में शुक्रवार को मतदान कार्मिकों का पहले दिन प्रशिक्षण हुआ। इस दौरान प्रथम पाली में पीठासीन अधिकारियों सहित एक हजार मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था। मास्टर ट्रेनर विकास पांडेय व राकेश पांडेय ने बताया कि प्रथम पाली के प्रशिक्षण में 21 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली के प्रशिक्षण में भी एक हजार मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण होना था।
इनमें से 21 गायब रहे। उपस्थित 1959 मतदान कार्मिकों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी जितनी सूक्ष्मता, तन्मयता एवं मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे उतने ही अच्छे ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए चुनाव करा सकेंगे। प्रशिक्षण में बताए जा रहे अपने कार्य से संबंधित बिंदुओं को डायरी में नोट करें।
कहीं कोई बात समझ में नहीं आने पर तत्काल उसके बारे में जानकारी प्राप्त करें। हिदायत दी कि मतदान के दिन किसी भी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए। डीएम ने प्रशिक्षण के दौरान अनुपस्थित 41 मतदान कार्मिकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर कराने का निर्देश सीडीओ शशिकांत त्रिपाठी को दिया।
इस मौके पर एडीएम मनोज, डीडीओ विजय कुमार, एसडीएम सदर राजेश चंद्रा, डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह, बीएसए प्रकाश सिंह, डीपीआरओ गोपाल जी ओझा समेत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
41 officers-employees missing from training, FIR instructions- फोटो : KAUSHAMBI