Two dead including a businessman crushed by a truck
महेवाघाट कोतवाली के बैरागीपुर गांव के समीप बृहस्पतिवार देर शाम ट्रक से कुचलकर बाइक सवार दाल कारोबारी समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी सहित भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग भी आ गए।
फतेहपुर जिले के धाता निवासी शीलू सोनकर (21) दाल कारोबारी है। वह बाइक में दाल लादकर फेरी लगाया करता था। बृहस्पतिवार को वह महेवाघाट थाना क्षेत्र के कई गांवों में फेरी लगाने पहुंचा।
परिवार वालों का कहना है कि इलाके के ही शाहपुर गांव से वापस लौटते समय कुछ दूरी पर बैरागीपुर गांव का 55 वर्षीय प्रीतम निषाद मिला। प्रीतम ने बैरागीपुर तक आने के लिए उससे लिफ्ट ली। इसके बाद जैसे ही दोनों लोग बैरागीपुर के समीप पहुंचे पश्चिमशरीरा की तरफ से महेवाघाट की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
घटना में दोनों की ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के पास मिले मोबाइल नंबर के आधार पर शवों की पहचान हो सकी। शीलू के घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि घटना वाली रात शीलू ने फोन करके एक व्यक्ति के साथ गांव लौटने की बात कही थी।