40 thousand card holders of Doaba did not get ration, oil and gram
पंचिंग मशीन लॉक हो जाने से इस माह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मिलने वाला मुफ्त राशन, तेल, चना जिले के 40 हजार कार्डधारकों को नहीं मिल सका है। कार्डधारक योजना से लाभान्वित होने के लिए राशन की दुकानों के चक्कर काट रहे हैं। शिकायत के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
कोरोना संक्रमण कै दौरान काम धंधे बंद होने से गरीबों के सामने निवाले का संकट खड़ा हो गया था। समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना लागू की है। योजना के तहत सभी कार्डधारकों को मार्च तक मुफ्त राशन, तेल, नमक व चना देने की घोषणा की गई है। जनपद में पात्र गृहस्थी व अंत्योदय समेत करीब तीन लाख कार्डधारक हैं।
इस माह कार्डधारकों की संख्या के हिसाब से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में सामग्री कम भेजी गई है। नतीजतन, जनपद के करीब 40 हजार से अधिक कार्डधारकों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सिराथू ब्लॉक के गोविंदपुर गोरियों गांव निवासी विजय, ताहिर अली, मालती देवी, रूपनारायाणपुर गोरियों निवासी ज्ञान सिंह ने बताया कि वह कोटे की दुकान पर दो बार गए, लेकिन पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत मिलने वाला मुफ्त राशन, तेल, चना व नमक नहीं मिली।
इसकी वजह से परेशानी हो रही है। कार्डधारकों का कहना है कि इसकी शिकायत क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक से भी की गई, इसके बाद भी योजना का लाभ नहीं मिला। डीएसओ अमित तिवारी का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। सभी कार्डधारकों को योजना से लाभान्वित किया जाना है। यदि कहीं कोई शिकायत है तो जांच कराकर राशन दिलाया जाएगा।