ऋण माफी योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं 6649 किसान
आधार कार्ड लिंक कराने के लिए 14 सितंबर तक अंतिम मौका
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने मंगलवार को फसली ऋण मोचन योजना की समीक्षा की। इस दौरान पता चला कि 6649 किसानों का आधार कार्ड अभी तक उनके बैंक खाते से लिंक नहीं हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने चयनित किसानों को आधार कार्ड लिंक कराने के लिए 14 सितंबर तक की मोहलत दी है।
समीक्षा बैठक में डीएम ने बताया कि ऋण माफी मोचन योजना में शामिल किसानों का चयन हो चुका है। जिन किसानों ने अपना आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं कराया है, उनकी सूची तहसील में चस्पा करवा दी गई है। आधार लिंक कराने के लिए संबंधित किसानों को 14 सितंबर तक का मौका दिया गया है। डीएम ने कहा कि ऐसे किसान लाभार्थी जिनकी मौत हो चुकी है, उनके संबंधित का उत्तराधिकारी मृतक प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दें ताकि वारिश को योजना का लाभ दिया जा सके। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना के लिए चयनित 36821 किसानों में 6649 ने अपना आधार खाते से लिंक नहीं कराया है। हिदायत दी कि 14 सितंबर तक खाते से आधार न लिंक कराया तो उन्हें योजना के लाभ से वंचित कर दिया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डीके दोहरे, एडीएम राकेश कुमार श्रीवास्तव, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, उप निदेशक कृषि सहित संबंधित बैंकों के शाखा प्रबंधक व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।