मनमानी करने वाले 31 प्रवासी मजदूर गिरफ्तार
मुचलके पर छोड़ा, एकांतवास के नियमों का उल्लंघन का मामला
अब तक 155 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है पुलिस, नहीं हो रहा सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। एकांतवास के नियमों का उल्लंघन करने के मामले में मंगलवार को जिले की पुलिस ने 31 लोगों को गिरफ्तार किया। एफआईआर दर्ज करने के बाद मुचलके पर सभी को छोड़ दिया गया है। चेताया गया है कि दोबारा मनमानी करने पर दूर के क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
लॉकडाउन के बीच दूसरे शहरों से लौट रहे प्रवासियों को या तो क्वारंटीन सेंटर पर रखा जा रहा है या फिर उनसे घर पर ही एकांतवास बिताने के लिए कहा जा रहा है। देखा जा रहा है कि एकांतवासी मनमानी की हदें पार किए हुए हैं। वे गांवों में खुलेआम घूमकर लोगों के संपर्क में आ रहे हैं। मास्क, शारीरिक दूरी आदि नियमों का पालन भी नहीं करते हैं। इस तरह की शिकायत मिलने पर एसपी अभिनंदन ने ऐसे एकांतवासियों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। अभियान के तहत शनिवार को 23, रविवार को 21 और सोमवार को 80 लोग गिरफ्तार किए गए थे। इसके बाद मंगलवार को मंझनपुर पुलिस ने एक, करारी पुलिस ने तीन, कोखराज पुलिस ने 12, महेवाघाट पुलिस ने पांच, पइंसा पुलिस ने तीन व कड़ाधाम पुलिस ने सात मनमानी करने वालों को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी ओर एसपी के निर्देश पर सभी 50 बैरियरों/नाकों पर चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान 257 दो पहिया/चार पहिया वाहनों को चेक किया गया। इनमें 71 का चालान किया गया। चार वाहन सीज किए गए। पुलिस ने 22 सौ रुपये शमन शुल्क भी वसूलने का दावा किया है।