मंझनपुर। विद्युत विभाग की ओर से शनिवार को एक्सईएन कार्यालय मंझनपुर में मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इसमें 30 लाख रुपये बकाया बिल की वसूली की गई। वहीं एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना के तहत 125 लोगों को अधिभार में 100 फीसदी छूट का लाभ दिया गया है। एसडीओ एसके सिंह ने सभी बकाएदारों से इस योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
चेताया कि इस योजना के बाद अभियान चलाकर बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंझनपुर में शनिवार को बिजली बिल वसूली का शिविर आयोजित किया गया। उपखंडीय अधिकारी (एसडीओ) मंझनपुर एसके सिंह ने बताया कि कैंप में 30 लाख रूपये बकाए राजस्व की वसूली की गई है। वहीं 125 बड़े बकाएदारों को एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना के तहत अधिभार में 100 फीसदी छूट का लाभ दिया गया है।
इस दौरान करीब 150 लोगों के बिलों का संशोधन किया गया है। एक्सईएन रामनयन सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं पर विभाग के 17 करोड़ रूपये का बकाया है। बकाया बिल की वसूली के लिए बकाएदारों को ओटीएस योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से कैंप में आकर योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया गया। इस मौके पर जेई चंद्रशेखर सिंह, अरूण शुक्ला, अशीष शुक्ला, आशीष सिंह, सौरभ मौर्य आदि मौजूद रहे।