जिले के 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान 2538 मरीजों का उपचार हुआ और 151 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करारी, बैसकांठी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अशोक नगर गौरा और गांधीनगर मंझनपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले में जनपद स्तर पर 62 चिकित्साधिकारी और 153 पैरामेडिकल कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। 20 मरीजों को मेडिकल कॉलेज व जिला संयुक्त चिकित्सालय मंझनपुर रेफर किया गया। इसके साथ ही मेले में 151 आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
इनसेट
उदहिन खुर्द में 21 मरीजों का उपचार
सिराथू। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदहिन खुर्द में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 21 मरीजों का उपचार किया गया। शिविर में सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार, ब्लड प्रेशर, मधुमेह, पेट दर्द और खुजली से पीड़ित मरीज पहुंचे। संवाद
सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या ज्यादा
टेवां। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेवां में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में लगभग 30 मरीजों का इलाज किया गया। मेले में अधिकतर मरीज सर्दी-जुकाम, बीपी और शुगर से पीड़ित रहे। डॉ. शोएब अंसारी और डॉ. सुमन चौधरी ने मरीजों का उपचार किया। संवाद
चरवा में मरीजों मिला उपचार, हुई जांच
चरवा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरवा में प्रभारी चिकित्सक डॉ. संजय सिंह और चिकित्सा प्रभारी डॉ. ए.अहमद ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। इसके साथ ही आवश्यक दवाओं का वितरण कराया। संवाद