थाना पिपरी पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी लूट के आरोपी बदमाश को दबोच लिया। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि 27 मई को पिपरकुंडी के पास दो बदमाशों ने एक व्यक्ति से बैग छीन लिया था। बैग में 2500 रुपये नकद, पायल और चाबियां थी। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार रात पुलिस काठगांव के पास चेकिंग कर रही थी। तभी बदमाश रवि भारतीय व उसका साथ किशन पासी बाइक से वहां आ गए। पुलिस ने रोका तो वे कसेंदा-बल्हेपुर मार्ग के पास जंगल की ओर भागने लगे।
इस दाैरान अचानक उनकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देखकर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से रवि घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जबकि उसका साथी किशन पासी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, दो कारतूस, दो खोखा और बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।