यूं तो कोतवाली पुलिस ने तीन साल पहले ही थाने में सीसीटीवी कैमरा लगवा दिया था। लेकिन, साल भर पहले शासन ने अपराधिक घटनाओं पर निगरानी व सुरक्षा को लेकर प्रमुख स्थानों, सरकारी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए थे। इस पर नगर पंचायत की ओर से करीब 3.50 लाख रुपये की लागत से मुख्य चौराहा सहित लगभग 23 स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए। लेकिन, छह माह में ही मुख्य चौराहा से लेकर करीब 12 स्थानों पर लगे कैमरे खराब हो गए। लेकिन, आज तक इनकी मरम्मत नहीं कराई जा सकी है।
इसी तरह करारी कोतवाली के मुख्य गेट पर लगा सीसीटीवी कैमरा दो साल से गायब है। जबकि, चोरी की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी है। डेढ़ साल पहले थाना गेट के पास से बदमाश चार पहिया वाहन में बकरा भर ले गए थे।
इसके अलावा बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद अक्सर चौराहा की तरफ भाग जाते हैं। कैमरे के अभाव में आरोपी आज तक पकड़े नहीं जा सके। नागरिकों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरा दुरूस्त होते तो बदमाश आसानी से पकड़ लिए गए होते।