करारी। भइला मकदूमपुर गांव स्थित सरकारी नलकूप का ट्रांसफार्मर करीब तीन महीने से जला पड़ा है। इसकी वजह से किसानों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि समस्या से अवगत कराने के बाद भी समाधान नहीं किया जा रहा है।
भइला मकदूमपुर गांव के सरकारी नलकूप का ट्रांसफार्मर करीब तीन महीने पहले जल गया था। ऑपरेटर पन्नालाल के साथ स्थानीय लोगों ने भी इसकी जानकारी एक्सईएन को दी। ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई। इतना कुछ करने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। नतीजतन नलकूप ठप पड़ा है। इसकी वजह से करीब 100 किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। इससे उनमें गुस्सा है। मामले में अवर अभियंता विनम्र पटेल का कहना है कि जल्द ही जला ट्रांसफार्मर ठीक करा दिया जाएगा।
वहीं कुतुबालमपुर निवासी सोहनलाल पुत्र प्रहलाद किसानी करता है। इसके लिए उसने नलकूप लगा रखा है। बताया कि चार महीने के दौरान उसके नलकूप का ट्रांसफार्मर पांच बार फुुंक चुका है। 28 मई, 15 जुलाई, आठ अगस्त, 17 अगस्त, सात सितंबर को फुंके ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए उसे हर मर्तबा हफ्ते-हफ्ते भर चक्कर लगाना पड़ता है। इसके चलते उसकी खेती चौपट हो रही है। किसान का आरोप है कि वर्कशॉप से घटिया क्वालिटी का ट्रांसफार्मर मुहैया कराया जा रहा है।