दोआबा में 24 घंटे के दौरान मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चमंधा गांव में डेंगू एक युवक व अमनी में मलेरिया पीड़ित बालिका समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य बीमारी की चपेट में आकर अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। पीएचसी से डॉक्टरों की टीम ने गुरुवार को भी अमनी गांव पहुंचकर पीड़ितों की जांचकर दवाएं दी।
अमनी लोकीपुर गांव में करीब पखवाड़े भर से मलेरिया ने पैर पसार रखा है। बीमारी की जद में आने से 16 सितंबर को कमलेश साहू की बेटी रोशनी की मौत हो गई थी। बुधवार को इलाहाबाद के चिल्ड्रेन अस्पताल में भर्ती मलेरिया पीड़ित प्रदीप यादव की सात वर्षीय बेटी गुन्नू की भी बुधवार रात मौत हो गई। गांव में लगातर कई दिन से स्वास्थ्य विभाग की टीम जाकर पीड़ितों की जांच और दवाएं दे रही है। इसी तरह से नगर पालिका भरवारी के चमंधा निवासी अशर्फीलाल कुशवाहा (40) 15 दिन से बुखार से पीड़ित थे।
सप्ताह भर पहले खून जांच कराया तो रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। निजी अस्पताल में इलाज करा रहे अशर्फी की बुधवार को मौत हो गई। भरवारी कस्बे में ही पावर हाउस के समीप रहने वाले डेंगू पीड़ित रमेश कुमार वर्मा स्थानीय प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। घर में रमेश की पत्नी सविता बेटा वैभव, देव को भी वायरल फीवर आ रहा है। पड़ोसी लल्ला रस्तोगी भी बुखार से पीड़ित हैं। ईओ गिरीश चंद्र का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी नगर व गांव में टीम बना कर लगातार सफाई व्यवस्था व फागिंग कराई जा रही है।