दस दिन में दरोगा-सिपाही को एक छुट्टी
- लगातार काम के बोझ से तनाव झेल रहे पुलिस कर्मियों को मिलेगी राहत
- पुलिस कप्तान ने रोस्टर के हिसाब से सूची बनाने का दिया निर्देश
रवींद्र अग्रहरि
मंझनपुर।
लगातार 24 घंटे की ड्यूटी के चलते थकान और तनाव की समस्या से जूझ रहे पुलिस कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। पुलिस कप्तान प्रदीप गुप्ता ने जिले के सभी दरोगाओं और सिपाहियों को अब हर दस दिन में एक अवकाश देने की व्यवस्था की है। इसके लिए थानों में तैनात दरोगा-सिपाहियों की रोटेशन सूची बनाने का निर्देश दिया गया है।
दिन के 24 घंटे और साल के 365 दिन लगातार काम करने के कारण पुलिस कर्मियों में तनाव व थकान की समस्या बढ़ गई है। कोई साप्ताहिक अथवा मासिक अवकाश नहीं मिलने के कारण पुलिस कर्मी शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। समस्या को देखते हुए एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता ने शानदार पहल की है। पुलिस कप्तान ने अब दस दिन तक लगातार ड्यूटी करने वाले कांस्टेबल, हेडकांस्टेबल तथा एसआई को 11वें दिन अवकाश देने की व्यवस्था बनाई है। इसके लिए उन्होंने सभी अधिकारियों, थानेदारों को अपने-अपने कर्मियों के अवकाश का रोस्टर बनाने का निर्देश दिया है। चेताया कि इस व्यवस्था का वह स्वयं समय-समय पर मानीटरिंग करेंगे। लिहाजा इसके अनुपालन में किसी तरह की लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्रवाई कर दी जाएगी।
-------
छुट्टी में भी मोबाइल ऑनकर रहेंगे मुख्यालय पर
हर ग्यारहवें दिन मिलने वाली छुट्टी पर संबंधित दरोगा-सिपाही से विभागीय काम नहीं लिया जाएगा। पर उन्हें मोबाइल ऑन रखने के साथ मुख्यालय में ही रहना पड़ेगा। ताकि किसी बड़े संकट के वक्त अवकाश पर रहने वाले कर्मी की भी सेवा ली जा सके।
-----
पहले से निर्धारित छुट्टियों में नहीं जुड़ेगा अवकाश
पुलिस कप्तान की ओर से ग्यारहवें दिन मिलने वाले इस अवकाश का पहले से निश्चित छुट्टियों से कोई मतलब नहीं होगा। इसके साथ ही पुलिस कप्तान ने यह भी बताया कि आकस्मिक अवकाश अथवा पहले से निर्धारित छुट्टियों के साथ इसे जोड़ा भी नहीं जाएगा।
------
क्या कहते हैं अफसर
पुलिस कर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए प्रत्येक दस दिन में एक अवकाश की व्यवस्था लागू की गई है। इसके लिए सभी थानों और दफ्तरों में तैनात दरोगाओं-सिपाहियों की सूची बनाने का निर्देश दिया गया है।
प्रदीप कुमार गुप्ता-एसपी