केपीएस भरवारी के छात्रों का राज्यपाल से हुआ संवाद
-शैक्षिक यात्रा के दौरान राजधानी लखनऊ स्थित राजभवन पहुंचे विद्यार्थी
फोटो नं-8
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। केपीएस भरवारी स्कूल एवं कालेज के छात्रों ने शैक्षिक भ्रमण के दौरान सोमवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से संवाद किया। इस दौरान राज्यपाल ने विभिन्न विषयों पर छात्रों से तकरीबन घंटे भर तक सवाल-जवाब किया। साथ ही स्वरचित पुस्तक भेंटकर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
हमारा उत्तर प्रदेश जानने के उद्देश्य से केपीएस भरवारी के छात्र शैक्षणिक भ्रमण पर निकले थे। सोमवार को छात्रों ने लखनऊ के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। शाम चार बजे वह राज्यपाल से मुलाकात करने के लिए राजभवन पहुंचे। यहां पर लगभग एक घंटे तक छात्रों व महामहिम के बीच शैक्षिक संवाद हुआ। इस दौरान राज्यपाल ने अपने छात्र जीवन से लेकर राज्यपाल बनने तक के सफर को छात्रों के साथ साझा किया। अंत में उन्होंने छात्रों को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर देश के विकास में योगदान करने का आह्वान किया। राज्यपाल से मिलकर बाहर निकले बच्चों के चेहरे पर मुस्कान दिख रही थी। छात्रों को हौसलों की उड़ान देने के लिए विद्यालय प्रबंधक संजय कुमार गुप्ता ने लखनऊ से इलाहाबाद के सफर के लिए फ्लाइट का टिकट बुक कराया था। छात्रों के इस शैक्षिक भ्रमण में स्कूल की शिक्षिका जूही पांडेय, शिक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, अकांत गुप्ता ने भ्रमण के दौरान छात्रों के प्रशभनों का उत्तर देते हुए ज्ञानार्जन कराया।
---------
प्रदेश के सांसदों के आवास पर करेंगे उपवास
मंझनपुर (ब्यूरो)। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा पेंशन बचाओ मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता 28 अक्तूबर को प्रदेश के सभी सांसदों के आवास पर उपवास करेंगे। मंच के जिला संगठन मंत्री कर्ण सिंह ने बताया कि इसकी जानकारी जिले के सांसद विनोद सोनकर को भी दे दी गई है।
----------
रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप
मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर पंचायत अजुहा के वार्ड एक भौतर निवासी अमृतलाल पुत्र रामसुख मंगलवार को तहसीलदार सिराथू से मिला। आरोप लगाया कि पड़ोसी एक महिला घर से बाहर आने-जाने वाले रास्ते को अवरुद्ध कर रही है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बाद भी वह नहीं मान रहीं है। पीड़ित ने तहसीलदार से पैमाइश कराकर आने-जाने का रास्ता छुड़वाने की मांग की है।
---------
वित्तविहीन शिक्षकों का प्रदर्शन आज
मंझनपुर (ब्यूरो)। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के बैनर तले वित्तविहीन शिक्षक 24 अक्तूबर को डायट परिसर में प्रदर्शन करेंगे। संगठन के मीडिया प्रभारी साधूराम पाठक ने बताया कि प्रदर्शन दोपहर 11 बजे से सायं चार बजे तक चलेगा। इसके बाद डीएम मनीष कुमार वर्मा को मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने समस्त वित्तविहीन शिक्षकों से प्रदर्शन स्थल पर समय से पहुंचने का आह्वान किया है।
----------