मंझनपुर। बीमार बेटी का इलाज कराने पति के साथ जिला अस्पताल आई महिला संदिग्ध दशा में गायब हो गई। मंगलवार को उसका पति जिला अस्पताल में पत्नी का आधार कार्ड दिखाकर बीवी और बेटी के बारे में पूछताछ कर रहा था।
सदर कोतवाली के मंगरोहनी गांव का पहाड़ी मजदूरी करता है। पहाड़ी के मुताबिक उसकी तीन वर्षीय बेटी अनीता पैर से चल नहीं पाती थी। वह अपनी पत्नी लालती देवी (32) के साथ सोमवार को जिला अस्पताल आया था। पर्चा बनवाने के बाद उसने पत्नी और बेटी को डॉक्टर चैंबर के बाहर बैठा दिया। पर्चा जमा करने के बाद पहाड़ी अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। अनीता का नाम पुकारने पर पहाड़ी पत्नी व बेटी को बुलाने के लिए पलटा। देखा की लालती और अनीता गायब थी। अस्पताल के हर कोने में पहाड़ी ने मां-बेटी की तलाश की। लेकिन वह मिल नहीं सकी। पहाड़ी ने सोचा शायद वह लोग घर गई हों। पर, मंगलवार की सुबह तक मां-बेटी घर नहीं पहुंच सकी थी। इससे परेशान पहाड़ी आधार कार्ड लेकर जिला अस्पताल में हर आने-जाने वाले से पत्नी व बेटी के बारे में पूछताछ कर रहा था।