विवाहिता की हत्या कर फंदे से लटकाया शव
करारी कोतवाली क्षेत्र के अरका महावीरपुर गांव की घटना
आरोपी पति सहित चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
करारी/म्योहर। करारी कोतवाली क्षेत्र के अरका महावीरपुर गांव में मंगलवार शाम दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने एक विवाहिता की हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव फांसी के फंदे से लटका दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
फतेहपुर जिले के खागा थाना स्थित सावंतमऊ गांव निवासी गोकुल प्रसाद ने बताया कि उसने अपनी बेटी शीलू (23) का विवाह करीब दो साल पहले अरका महावीरपुर निवासी सुनील से किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया। पर, उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़ित की मानें तो मंगलवार शाम ससुरालीजनों ने पीट-पीटकर उसकी बेटी को मार डाला। हत्या को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव फांसी के फंदे से लटका दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी पति सुनील, सास बुद्धी, नंद गुंजन व रंजन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट लिख ली गई है। मामले में करारी एसओ राजेश सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के संड़वा गांव का मामला, पांच पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के संड़वा गांव में ब्याही एक महिला को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने घर से भगा दिया। इससे पहले उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चरवा इलाके के बाबा तारा गांव की अनीता पुत्री रामअवतार ने बताया कि उसका विवाह करीब दो साल पहले संड़वा निवासी प्रमोद से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने विवाहिता को प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। रिश्तेदारों के समझाने के बाद भी उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता की मानें तो हफ्ते भर पहले दहेजलोभियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। फिर घर से भगा दिया। इससे परेशान पीड़ित महिला ने दो दिन पहले एसपी से शिकायत कर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर मंगलवार को चरवा पुलिस ने आरोपी पति प्रमोद, ससुर अमरपाल, देवर पवन, नंद अमरावती व सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले में चरवा इंस्पेक्टर अशोक कुमार का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।