कुपोषित बच्चों की देखरेख पर दिया गया जोर
विकास कार्यों का एक साथ खाका बनाने पर भी बल
कनवर्जन एक्शन प्लान के अंतर्गत हुई कार्यशाला
बारा/चायल (ब्यूरो)। पोषण अभियान के तहत ब्लॉक कनवर्जन एक्शन प्लान की कार्यशाला कौशाम्बी व चायल ब्लॉक में हुई। कार्यशाला में छह विभागों के कार्यों का खाका एक साथ तैयार करने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ बीडीओ कौशाम्बी हरिश्चंद्र सिंह ने किया।
कौशाम्बी ब्लॉक में हुई कार्यशाला में बच्चों की शिक्षा, स्कूलों के रखरखाव व शौचालय की बात प्रमुखता से रख गई। सीडीपीओ कुसुम देवी ने आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाए जाने वाले बचपन दिवस, ममता दिवस, अन्नप्राशन दिवस, गोदभराई आदि के बारे में जानकारी दी। एडीओ पंचायत प्रेम नारायण पांडेय ने बताया कि गांवों से जुड़े संबंधित विभागों के विकास का खाका ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी एक साथ तैयार करेंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य, खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा कुपोषित बच्चों की देखरेख व उनके परिवारों को राशन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कार्यशाला में ग्राम प्रधान अशोक मिश्र, हरिनारायण द्विवेदी, राहुल मिश्र, शिवपूजन यादव, अमर सिंह समेत सभी सेक्रेटरी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी तरह चायल ब्लॉक में हुई कार्यशाला की अध्यक्षता एसडीएम अनिल चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान सीडीपीओ सुदिप्ता जायसवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्य व गांवों से जुड़ी विकास योजनाओं का प्लान एक साथ तैयार करने पर बल दिया। कार्यक्रम में चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुक्तेश द्विवेदी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता व कई विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।