सास-बहू की मौत मामले में हत्या का केस दर्ज
मृतका के बेटे ने पिता, दो भाई और भाभी समेत चार को किया नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू। सैनी कोतवाली क्षेत्र के कमालपुर में सास-बहू की आग से जलकर मरने के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक वृद्धा के बेटे राकेश कुमार ने अपने पिता के साथ दो भाई और एक भाभी समेत चार को नामजद किया है।
कमालपुर निवासी मैकू लाल मौर्या के घर 30 जनवरी की शाम संदिग्धदशा में लगी आग से जलकर उसकी पत्नी कुंती देवी (65) और पुत्रवधू शीला देवी (35) पत्नी राकेश कुमार की मौत हो गई थी। घटना के वक्त घर पर सास-बहू के सिवा कोई और नहीं होने की बात कही जा रही थी। शुक्रवार को इस मामले में राकेश कुमार ने अपनी पत्नी और मां को जिंदा जलाने का आरोप लगाते हुए पिता मौकू लाल, भाई रामसनेही, राम सजीवन के साथ भाभी नीता देवी पत्नी रामसनेही को नामजद किया है। राकेश ने अपने पिता, भाई और भाभी से संपत्ति विवाद होने एवं उसका हक हड़पने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि पखवाड़े भर पहले जब राकेश दिल्ली से आया था तो घर में बंटवारे को लेकर झगड़ा भी हुआ था। परिवार में माहौल खराब होेने से व्यथित होकर हफ्ते भर पहले ही वह दिल्ली लौट गया था, लेकिन उसके बाद भी बंटवारे को लेकर कलह मची हुई थी। घटना वाले दिन भी सास-बहू के बीच बंटवारे को लेेकर तकरार हुई थी। तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस हकीकत खंगालने में जुट गई है। कोतवाल अर्जुन सिंह का कहना है कि घटना की विवेचना की जा रही है।